मसौली (बाराबंकी)। खाद्य उपायुक्त देवीपाटन मंडल के नेतृत्व में पहुंची पांच सदस्यीय टीम ने मंगलवार को कोटे की दुकानों से हो रहे अनाज वितरण की जांच शुरू कर दी है। इसकी सूचना मिलते ही क्षेत्र के अन्य कोटेदारों में हड़कंप मचा रहा।
खाद्य उपायुक्त देवीपाटन मंडल अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंची पांच सदस्यीय टीम ने मंगलवार को मसौली ब्लॉक की बडागांव कोटेदार सरिता की दुकान पहुंच अनाज वितरण की जांच की। इस दौरान टीम ने कार्डधारकों से बातचीत भी की और राशन वितरण के संबंध में जानकारी भी ली। हालांकि इस दौरान किसी ने कोई शिकायत नहीं की।
इसके बाद टीम मसौली कोटेदार सुनील वर्मा और राधेलाल की दुकान पर पहुंची। टीम ने यहां पर कार्डधारकों में वितरित किए गए अनाज की जांच प्रपत्रों से मिलान करके की। इस दौरान टीम ने स्टॉक रजिस्टर और वितरण रजिस्टर भी देखा। टीम द्वारा निरीक्षण किए जाने की सूचना से क्षेत्र के अन्य कोटेदारों में हड़कंप मचा रहा। इस मौके पर जिला आपूर्ति निरीक्षक संतोष विक्रम शाही, आपूर्ति निरीक्षक अतुल सिंह, इमरान मंजूर आदि मौजूद रहे।