बाराबंकी। औषधि निरीक्षकों की टीम ने शनिवार को अभियान चलाकर मेडिकल स्टोरों की जांच की। इस दौरान चार मेडिकल स्टोरों पर लगे कैमरे बंद पाए गए। जबकि तीन दुकानों से बेची जा रही शिड्यूल एच-1 की दवाओं के अभिलेख पूर्ण न मिलने पर दवा की बिक्री करने पर भी रोक लगा दी। जांच के दौरान 11 मेडिकल स्टाेरों की जांच की गई और सभी के यहां से एक-एक दवा का नमूना भरकर जांच को भेजा गया।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के आदेश पर शनिवार को सहायक आयुक्त औषधि अयोध्या मंडल जीसी श्रीवास्तव के नेतृत्व में औषधि निरीक्षकों अयोध्या से सुमित कुमार वर्मा, अमेठी से कमलेश मिश्रा और बाराबंकी से सीमा सिंह की टीम ने कुल 11 मेडिकल स्टोरों की जांच की। जिसमें लखनऊ मेडिकल स्टोर, हरिनाम मेडिकल स्टोर, सचिन मेडिकल स्टोर, लखनऊ मेडिकल स्टोर, ओम मेडिकल स्टोर, न्यू केसंस सिटी सेंटर, राज मेडिकल्स, भारत मेडिकल स्टोर, वी जैन एंड संस, वर्मा मेडिकल स्टोर, शील इंटरप्राइजेज, कृष्णा मेडिक्स की जांच की गई। सभी पर सीसटीवी कैमरे संचालित पाए गए। जबकि वी जैन मेडिकल स्टोर, सचिन मेडिकल स्टोर, कृष्णा मेडिकल और ओम मेडिकल स्टोर पर कैमरे संचालित नहीं पाए गए तथा शिड्यूल एच-1 की दवाओं के अभिलेख भी सही नहीं पाए गए।
औषधि निरीक्षक सीमा सिंह ने बताया कि चार मेडिकल स्टाेरों की दवाओं की बिक्री पर रोक लगाते हुए नोटिस जारी किया गया है। सभी मेडिकल स्टोरों से एक-एक दवाओं का नमूना भरकर जांच को भेजा गया है।