बाराबंकी। इंस्पायर अवार्ड प्रतियोगिता में हिस्सेदारी कर जिले के विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। इंस्पायर अवार्ड 2025- 26 में हिस्सेदारी के लिए कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी अपने नए विचार और इनोवेशन प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके लिए आवेदन 15 सितंबर तक भरे जा सकते हैं। जिले में इस योजना के अंतर्गत 2982 बेसिक और माध्यमिक विद्यालय पंजीकृत हैं।
नोडल अधिकारी पूनम सिंह ने बताया कि इंस्पायर अवार्ड बच्चों की वैज्ञानिक सोच, कल्पना और नवाचार का एक बेहतर मंच प्रदान करता है। इससे उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित होती है। शैक्षिक सत्र 2025-26 में जिले को छह हजार बच्चों का लक्ष्य मिला है, जिनमें से अब तक तीन हजार विद्यार्थी नामांकन करा चुके हैं। शेष विद्यार्थियों के पास 15 सितंबर तक आवेदन करने का मौका है। डीआईओएस ओपी त्रिपाठी ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वह बच्चों को समय पर पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित करें ताकि कोई भी मेधावी इस अवसर से वंचित न रहने पाए।
विद्यार्थियों को मिलेंगे कई फायदे
- आर्थिक सहायता और स्कालरशिप।
- राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर।
-नए प्रयोग और खोज को मान्यता।
- भविष्य में रिसर्च और स्टार्टअप की राह आसान।