बाराबंकी। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के चलते किए गए लॉकडाउन के दूसरे दिन रविवार को डीएम-एसपी ने ड्रोन कैमरे से कंटेनमेंट क्षेत्र का जायजा लिया। दोनों अधिकारी कन्टेनमेंट क्षेत्र के मोहल्लों में लोगों की गतिविधियों, दुकानों के खुलने की हकीकत भी जानी।
जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह व पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद चतुर्वेदी रविवार सुबह शहर के कंटेनमेंट जोन बाल्मीकिनगर व आवास विकास कॉलोनी का औचक निरीक्षण किया। कंटेनमेंट जोन में रहने वाले लोगों की गतिविधियां व प्रतिष्ठानों के खुलने की निगरानी ड्रोन कैमरे से की। डीएम-एसपी ने शहर क्षेत्र का भ्रमण कर साप्ताहिक लॉकडाउन के निर्देशों के पालन की हकीकत भी जानी। चौराहों पर आने-जाने वाले वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग भी कराई। एसपी डा. अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि यह लॉकडाउन नहीं अपितु कोरोना के संक्रमण से बचाने को लेकर साप्ताहिक बंदी की गई है। जिससे सरकारी विभाग अपना काम कर सकें। इस दौरान बाजार नहीं खुलेंगे। आकस्मिक परिस्थितियों में घर से निकलने वाले लोग मास्क जरूर लगाएं।