21- बाराबंकी। दसवीं वाहिनी पीएसी में कोरोना संक्रमित केस मिलने के बाद परिसर को सेनेटाइज करते दमकल?
- फोटो : BARABANKI
बाराबंकी। कोरोना का संक्रमण पीएसी तक पहुंच गया है, इसकी चपेट में आकर पीएसी के चार जवान संक्रमित हो गए हैं। वहीं आवास विकास की रहने वाली एक युवती भी कोरोना पाजिटिव पाई गई है। इसके साथ ही पीएसी परिसर और आवास विकास क्षेत्र के उन इलाकों को सील कर दिया गया है जहां की युवती रहने वाली है। वहीं चार लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद इनकी अस्पताल से छुट्टी कर दी गई है। बहराइच रामनगर मार्ग पर दसवीं वाहिनी पीएसी मुख्यालय है। यहां के करीब आठ जवान हाल ही में लखनऊ से ड्यूटी करके वापस आए थे। पीएसी प्रशासन द्वारा जिला प्रशासन को दी गई सूचना के बाद जिलाधिकारी के आदेश पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी आठ जवानों के सैंपल जांच के लिए भेजे थे। बुधवार को इनमें से चार जवानों की जांच रिपोर्ट पाजिटिव आई है।
जानकारी पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चारों जवानों को उपचार के लिए चन्द्रा अस्पताल में भर्ती कराया है। लेकिन गनीमत की इस बात की रही चारों साथियों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद परिसर में रहने वाले अन्य साथियों ने राहत की सांस ली है। उधर जिला प्रशासन की आदेश पर पहुंची राजस्व प्रशासन की टीम में परिसर के मुख्य गेट को सील करा दिया है तथा किसी प्रकार के आवागमन पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
वहीं आवास विकास की रहने वाली एक युवती 21 जून को दिल्ली से वापस आई थी। जानकारी पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवती का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा था। बुधवार को जांच रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद युवती को जहां उपचार के लिए चन्द्रा अस्पताल में भर्ती कराते हुए परिवार के पांच सदस्यों को होम क्वारंटीन करा दिया गया है तथा क्षेत्र के मार्गों को सील करते हुए आवागमन पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। वहीं चंद्रा अस्पताल में भर्ती चार लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद सभी की बुधवार को अस्पताल से छुट्टी कर दी गई।
पीएसी के जवान जिन जवानों के साथ लखनऊ में ड्यूटी कर रहे थे उनमें से करीब पचास जवान कोरोना संक्रमित पहले ही पाए जा चुके हैं। पीएसी के जवानों ने बताया कि उन्हीं जवानों के साथ में रहकर कार्य करने की वजह से यहां के जवान भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। गनीमत इस बात की है कि इनके अन्य साथियों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।
पीएसी के 4 जवानों और शहर के ही एक मोहल्ले की रहने वाली एक युवती की जांच रिपोर्ट पाजिटिव आई है। जांच रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराते हुए प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश एसडीएम सदर को दिए गए हैं। इस तरह से जिले में कोरोना के एक्टिव केस 63 रह गए हैं।
डॉ. आदर्श सिंह, जिलाधिकारी