बाराबंकी। पीएम श्री योजना के अंतर्गत चयनित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज देवा में विषय विशेषज्ञ और सहायक शिक्षिकाओं की कमी छात्राओं की शिक्षा में बड़ी बाधा बन रही है। प्रवक्ता के 11 स्वीकृत पदों में से केवल सात पदों पर ही शिक्षिकाएं कार्यरत हैं, जबकि रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, अंग्रेजी और उर्दू जैसे महत्वपूर्ण विषयों के लिए अभी तक कोई प्रवक्ता नहीं तैनात की गई है।
विद्यालय में खेल शिक्षिका की नियुक्ति भी नहीं हुई है, जिससे छात्राओं को खेलकूद जैसी आवश्यक गतिविधियों से वंचित रहना पड़ रहा है। सहायक शिक्षिकाओं के सात पदों में से भी एक पद खाली पड़ा है। स्थिति यह है कि रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान जैसे तकनीकी विषय भौतिक विज्ञान या अन्य सहायक शिक्षिकाओं द्वारा पढ़ाए जा रहे हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित है।
विद्यालय में इस समय लगभग 600 छात्राएं पंजीकृत हैं और प्रवेश की प्रक्रिया लगातार जारी है। इस संबंध में डीआईओएस ओपी त्रिपाठी का कहना है कि खाली पदों पर शिक्षकों की तैनाती के संबंध में प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।