बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बसौली गांव में सोमवार देर रात शराब के नशे में भतीजे ने चाचा के सिर पर डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। मृतक हिस्ट्रीशीटर था। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बसौली गांव निवासी रामपाल तिवारी (60) मोहम्मदपुर खाना थाने का हिस्ट्रीशीटर था। वह अविवाहित था। रात करीब दो बजे पुलिस को सूचना मिली कि घर के पास ही नीम के पेड़ के नीचे रामपाल और उसका भतीजा मलखान तिवारी शराब के नशे में बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दोनों में तकरार हुई और गुस्से में मलखान ने पास में पड़े डंडे से रामपाल के सिर पर वार कर दिया। चीख सुनकर पहुंचे ग्रामीण घायल रामपाल को सूरतगंज सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी फतेहपुर जगतराम कनौजिया और इंस्पेक्टर अनिल सिंह मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर छानबीन कर आरोपित मलखान को हिरासत में लिया। ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। मृतक रामपाल तिवारी पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज थे। हिस्ट्रीशीटर के रूप में उसकी पहचान थी। सीओ ने बताया कि चाचा भतीजा दोनों ने शराब पी रखी थी। इसी दौरान झगड़ा हुआ। मृतक के भाई राममूर्ति की तहरीर पर मलखान के अलावा दुर्गा व दुर्गेश के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।
आरोपी बोला...चोर समझकर किया हमला
पकड़े जाने पर भतीजे ने बयान दिया कि उसने चोर समझकर हमला किया था। हालांकि, उसकी बातों पर पुलिस को कोई विश्वास नहीं आया। एसएचओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।