बाराबंकी। सहायक आयुक्त औषधि के नेतृत्व में औषधि निरीक्षकों की टीम ने बृहस्पतिवार को दशहराबाग मोहल्ला स्थित एक मकान पर छापा मारा। टीम ने जांच के दौरान पाया कि यहां पर अवैध रूप से करीब छह लाख 80 हजार की दवाएं भंडारित की गईं। जांच के दौरान यह भी पाया कि बरामद की गईं ज्यादातर दवाएं संदिग्ध हैं और दवाओं को भंडारित करने के लिए किसी सक्षम अधिकारी से न कोई अनुमति ली गई थी और न ही कोई लाइसेंस लिया गया है। इस पर बरामद दवाओं को जब्त कर विधिक प्रक्रिया शुरू की गई है।
औषधि निरीक्षक सीमा सिंह ने बताया कि सहायक आयुक्त अयोध्या मंडल जीसी श्रीवास्तव के साथ ही औषधि निरीक्षक अमेठी कमलेश कुमार मिश्रा के साथ दशहराबाग स्थित एक महिला महाविद्यालय के निकट बने मकान पर छापा मारा गया। जांच के दौरान पाया गया कि यह मकान अमसेरवा सिद्वौर निवासी करण गुप्ता ने किराए पर लिया है और अवैध तरीके से दवाओं का कारोबार किया जा रहा है।
डीआई ने बताया कि जांच के दौरान सिफेक्जाइम, लैक्टोबासिलस, एमोक्सीसिलीन, रैबीप्रजोल, एसीक्लोफेनिक, पैरासीटामॉल, न्यूरोबियान, सिटरीजेन, अल्प्राजोलॉम टेबलेट समेत करीब 17 प्रकार की छह लाख 80 हजार रुपये की दवाओं को जब्त किया गया है। यह दवाएं संदिग्ध (नकली) प्रतीत होने पर जब्त कर लिया गया है। इसके ही जब्त की गईं दवाओं के नमूने जांच को भेज कर कारोबारी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।