बाराबंकी। जिले अयोध्या और बहराइच हाईवे पर आए दिन होने वाले सड़क हादसों में लोग जान गंवा रहे हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए एनएचएआई की लापरवाही भारी पड़ रही है। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम द्वारा दुर्घटना रोकने के लिए दिए गए निर्देशों का पालन एनएचएआई करता नहीं। उल्टे गलत रिपोर्ट पेश कर देता है। हाईवे पर चिन्हित 28 अवैध कट में से 22 हटाने की एनएचएआई ने जानकारी दी थी, पर इनमें से कई हटे नहीं। जहां हटे वहां पर सिर्फ खानापूरी कर दी गई। इससे साफ है कि जिम्मेदार हादसों के प्रति गंभीर नहीं हैं। जनता की सुरक्षा एवं दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में पुलिस, एनएचएआई, पीडब्लूडी, परिवहन समेत कई विभाग शामिल होते हैं। बीते 12 अप्रैल को हुई जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की सीडीओ की अगुवाई में हुई बैठक हुई थी जिसमें हाईवे पर चिन्हित 17 दुर्घटना बाहुल्य स्थानों पर संकेतक, रिफ्लेक्टर आदि लगाया जाना था। साथ ही एनएचएआई को स्पीड कैमरे लगाए जाने के अलावा एआरटीओ को एक माह के अंदर स्कूली वाहन के चालकों का लाइसेंस व चरित्र प्रमाण पत्र सत्यापित किए जाने का निर्णय लिया गया था। लेकिन 15 दिन बाद न तो ब्लैक स्पॉट पर बचाव के कोई इंतजाम किए गए और उल्टे बैठक में चिन्हित 22 अवैध कट नहीं बंद किए जाने की जो रिपोर्ट दी गई थी, हकीकत उससे अलग है। कई जगह यह कट जस के तस हैं। इक्का दुक्का बंद कराए गए थे। इससे हाईवे पर होने वाले हादसों पर अंकुश लगाना दूर की कौड़ी है।
बाक्स-
कई जगह चिन्हित नहीं किए गए ब्लैक स्पॉट
ब्लैक स्पॉट का मतलब दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र जहां पर दुर्घटना की अधिक आंशका रहती है। नेशनल हाईवे पर प्यारेपुर सरैया, मेड़ुवा, नारायनपुर मोड़, लहड़रा, बहराइच मार्ग पर मयूर ढाबा के पास, रानीबाजार समेत कई स्थान दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र हैं मगर इन्हें ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित नहीं किया गया।
एनएचएआई ने चिन्हित 28 अवैध कट में 22 कट को बंद करने का दावा किया है लेकिन कई कट बंद किए बगैर ही अवैध कट बंद होने की गलत रिपोर्ट दे चुकी है। नेशनल हाईवे पर लक्षबर बजहा रिलायंस पेट्रोल पंप के पास, धरौली, लालपुर मजीठा मोड़, इंडियन ढाबा के पास समेत कई स्थानों पर अवैैध कट बंद नहीं किए गए।
दुर्घटना रोकने के लिए संबंधित विभागों के साथ बैठक कर उपाय किए जा रहे हैं। हाईवे पर लगातार चेकिंग की जा रही है। यातायात पुलिस द्वारा दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र में रेडियम प्लेट लगाकर दुर्घटना रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं।
- दिनेश कुमार सिंह, एसपी