बाराबंकी। जमुरिया नाले की सफाई का काम तेज गति से हो रहा है। चूंकि मामला शहर से जुड़ा है और कई लोगों के मकान इसकी चपेट में आ रहे हैं, इसलिए जिलाधिकारी इस पर पूरी नजर रखें हुए हैं। एसडीएम सदर के साथ सीओ सिटी की मौजूदगी में सफाई का कार्य कराया जा रहा है। इसके अलावा भारी संख्या में आरआरएफ और पुलिस के जवानों को भी लगाया गया। प्रशासन की सख्ती देख लोग खुद अवैध निर्माण को हटाने के लिए आगे आने लगे हैं।
जमुरिया नाले की सफाई का काम रविवार को भी जारी रहा। एसडीएम सदर विजय कुमार त्रिवेदी और सीओ सिटी जगत कन्नौजिया की मौजूदगी में जेसीबी से नाले की खुदाई का कार्य कराया जा रहा है। एसडीएम सदर ने बताया कि लोगों का पूरा सहयोग मिल रहा है, जिन लोगों के निर्माण सफाई की जद में आ रहे हैं, वे खुद ब खुद अपना निर्माण हटा रहे हैं। उन्हें पता है कि प्रशासन के आगे उनकी दाल गलने वाली नहीं है।
जिलाधिकारी अपनी मंशा पहले ही साफ कर चुके हैं और सफाई का काम जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश भी दे चुके हैंं। हालांकि कमरिया बाग के पास स्थित श्मशान के पास सफाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने का प्रयास किया तो मौके पर पहुंचे दोनों अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया।