रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। जनपद के रामसनेहीघाट से होकर गुजरने वाले 84 कोसी परिक्रमा पथ को विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। यह परिक्रमा पथ अयोध्या को आसपास के जिलों से जोड़ेगा जिससे पर्यटन व रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।
अवध क्षेत्र की यह सबसे बड़ी परियोजना है जिस पर करीब 7400 करोड़ रुपये खर्च होंगे। रामसनेहीघाट तहसील में पांचवें पैकेज में पथ का निर्माण होगा। इसके साथ ही सरयू नदी पर दो बड़े व तीन छोटे पुलों का निर्माण भी किया जाएगा।
कमियार के पास नदी पर 4.400 किमी लंबा पुल बनेगा। सोमवार को इसे लेकर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार व एसपी दिनेश कुमार ने एसडीएम रामसनेहीघाट राम के साथ निरीक्षण किया था। कार्यदायी संस्था के इंचार्ज श्रीकांत तिवारी ने बताया कि 15 गांवों की 98.9040 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की गई है।
डीएम ने अपर जिलाधिकारी को खाता खुलवाकर किसानों को एक सप्ताह के भीतर भुगतान शुरू करने के निर्देश दिए थे। एनएचएआई के एक्सईएन रजनीश गुप्ता ने बताया कि परिक्रमा मार्ग के 18 गांवों में से 15 गांवों का थ्रीडी मैप तैयार हो गया है। परिक्रमा पथ के लिए पहली किस्त के रूप में 11 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
कुल लंबाई है 231.15 किलोमीटर
84 कोसी परिक्रमा पथ बस्ती जिले के मखौड़ा धाम से शुरू होकर अयोध्या, अंबेडकरनगर, बाराबंकी व गोंडा जिले से होते हुए फिर मखौड़ा धाम में समाप्त होता है। इसकी कुल लंबाई 231.15 किलोमीटर है। केंद्र सरकार ने इसे राष्ट्रीय राजमार्ग 227-बी घोषित किया है। परिक्रमा पथ एनएच-28, एनएच-27, एनएच-135 व एनएच-330 से जुड़ता है।
45 मीटर चौड़ा किया जाएगा परिक्रमा मार्ग
बाराबंकी जिले के 18 गांवों से गुजरने वाले इस 84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर परिक्रमार्थियों के लिए कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परिक्रमा मार्ग पर रामायणकालीन पौधे रोपित किए जाएंगे। आम, जामुन, पीपल, बरगद व अशोक आदि के पौधे लगाए जाने की तैयारी है। दोनों तरफ पांच-पांच मीटर चौड़े परिक्रमा पथ होंगे जिस पर हरी घास लगाई जाएगी। वहीं परिक्रमा मार्ग पर 23 स्थानों पर शाकाहारी भोजनालय और विश्राम की समुचित व्यवस्था भी की जाएगी।
परिक्रमा मार्ग से जुड़ेंगे ये गांव
रामसनेहीघाट के बरहुवा, गुलचप्पा कला, पूरे कामगार, अलियाबाद, बेलहरी, सेमरी, रानीमऊ, सिकरी जीवल, सरई सैफ, पूरेडलई, फत्तापुर कला, चांदामऊ, बादशाह नगर, बेलखरा महफूज, बेलखरा सैलाव, उमराहरा, बसंतपुर व कमियार गांव परिक्रमा मार्ग से जुड़ेंगे।
अधिग्रहण की कार्यवाही जारी
दरियाबाद व पूरेडलई ब्लॉक के गांवों से परिक्रमा मार्ग निकलना है। जमीन का चिह्नांकन कर अधिग्रहण करने की कार्यवाही की जा रही है। किसानों के खाते खुलवाकर उनको पैसे भेजने का काम जल्द शुरू होगा।
- रामआसरे वर्मा, एसडीएम, रामसनेहीघाट