जहांगीराबाद (बाराबंकी)। निकाह के 16 साल बाद एक युवक ने अपनी पत्नी को तीन तलाक दे दिया। शुक्रवार को पीड़िता भाई के साथ थाने पहुंची और पति पर तलाक देकर रिश्ता तोड़ने का आरोप लगाया। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है। मामला जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के सदरुद्दीनपुर गांव का है।
नैनामऊ निवासी रजबन निशा (35) का निकाह सदरुद्दीनपुर गांव के समसुददुहा (38) के साथ 16 साल पहले हुआ था। रजबन ने बताया कि पति ट्रैक्टर समेत कृषि यंत्रों को किराए पर चलाता है।
उसका आरोप है कि निकाह के बाद से उसके ससुरालीजन उत्पीड़न करते थे। उसके पांच बच्चे हैं। जिसमें सबसे छोटा बच्चा महज दो साल का है।
बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे उसका पति घर आया और तीन बार तलाक कहकर चला गया। मगर, इसके बाद भी वह घर में थी। कुछ देर बाद पति वापस लौटा तो सभी बच्चों को अपने कब्जे में करके उसे मारपीट कर घर से भगा दिया। वह रोती व गिड़गिड़ाती रही।
मगर, पति का दिल नहीं पसीजा। जिसके बाद वह गांव में ही अपनी खाला की बेटी के घर चली गई। बाद में इसकी सूचना अपने भाई सिराज को दी।
शुक्रवार को भाई के साथ जहांगीराबाद थाने पहुंची रजबन निशा ने पुलिस को तहरीर देकर इंसाफ की गुहार लगाई। एसओ दर्शन यादव ने बताया कि एक महिला ने पति पर तीन तलाक देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। कार्रवाई की जाएगी।