यूपी के बाराबंकी में पति ने पत्नी को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। संतान न होने पर अक्सर प्रताड़ित करते थे। पति आए दिन शराब के नशे में पीटता था। इस बार इतना पीटा कि वह मर गई। मायकेवालों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
घटना टिकैतनगर थाना क्षेत्र के गोबरहा गांव की है। यहां के निवासी कन्हैयालाल की शादी 20 वर्ष पहले रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र के ठाकुरपुर मजरे गाजीपुर निवासी कुसुमा से हुई थी। मां शिवकली ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन बेटी कुसुमा को प्रताड़ित करते थे। संतान न होने को लेकर ससुरालवाले उसे अक्सर ताना देते थे। दामाद कन्हैयालाल शराब के नशे में लगभग रोज बेटी को पीटता था।
बेटी को ले जाओ, नहीं तो जान से मार दूंगा
मायकेवालों ने बताया कि 19 नवंबर की शाम करीब 6 बजे कन्हैयालाल नशे में घर पहुंचा। पत्नी कुसुमा को डंडे से जमकर पीटा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मायके पक्ष को घटना की सूचना मिली तो वह लोग पहुंचे। इस पर दामाद ने धमकाते हुए कहा कि अपनी बेटी को यहां से ले जाओ, नहीं तो जान से मार दूंगा।
मायकेवालों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
मायकेवालों की तहरीर पर पुलिस ने उसी दिन आरोपी के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया था। घायल कुसुमा को सीएचसी ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। हालत में थोड़ा सुधार होने पर मायकेवाले उसे बहन के घर छुरिया ले गए। लेकिन, गुरुवार की रात उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उपचार से पहले ही उसकी मौत हो गई।
बेटी लगातार झेल रही थी उत्पीड़न और हिंसा
मायकेवालों ने बताया कि पोस्टमार्टम से पहले कुसुमा के पूरे शरीर में पुराने और ताजा चोटों के निशान साफ दिख रहे थे। इससे साफ होता है कि उसे लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। संतान न होने के कारण पति और घरवाले अक्सर कहते थे कि मर जाए तो छुटकारा मिले। कुसुमा लगातार उत्पीड़न और हिंसा झेल रही थी।
पुलिस ने बढ़ाई हत्या की धारा
कुसुमा की मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल जगदीश शुक्ला ने बताया कि महिला की मौत की पुष्टि होने पर मुकदमे में गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ा दी गई है। आरोपी कन्हैयालाल हिरासत में है। उससे पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।