बाराबंकी। अयोध्या में श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते बाराबंकी में यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर लगातार 14वें दिन भी डायवर्जन लागू होने से हजारों लोगाें को गंतव्य तक पहुंचने में जद्दोजहद करनी पड़ी। शनिवार शाम करीब छह बजे रामसनेहीघाट के दिलोना मोड़ पर हजारों वाहन जाम में फंसे रहे। वाहनों को बैरियर लगाकर बहराइच हाईवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर मोड़ा जा रहा है जिससे यात्रियों को दोगुनी दूरी तय करनी पड़ रही है।
पुलिस प्रशासन ने मौनी अमावस्या और महाकुंभ स्नान के मद्देनजर 29 जनवरी से हाईवे पर डायवर्जन लागू करने की घोषणा की थी लेकिन 26 जनवरी से ही श्रद्धालुओं की भीड़ अयोध्या पहुंचने लगी जिससे पुलिस को यातायात नियंत्रण के लिए कई प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग करनी पड़ी।
पहली फरवरी को हालात सामान्य होने पर कुछ समय के लिए राहत दी गई लेकिन दो फरवरी से फिर से डायवर्जन लागू करना पड़ा जो अब तक जारी है। शनिवार सुबह अयोध्या में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बाराबंकी पुलिस ने चौपुला तिराहा, सफदरगंज चौराहा, रामसनेहीघाट सहित कई स्थानों पर सख्ती से डायवर्जन लागू किया।
आधा दर्जन थाना प्रभारी हाईवे पर तैनात किए गए। वाहनों को अयोध्या जाने से रोक दिया गया। यात्रियों का कहना रहा कि अचानक डायवर्जन से उनका सफर दोगुना लंबा हो गया है जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है।
14 हजार वाहन हुए डायवर्ट, हाईवे बना छावनी
शनिवार को चौपुला तिराहे से ही 14,000 से अधिक वाहनों को बहराइच हाईवे की ओर डायवर्ट किया गया। यातायात प्रभारी रामजतन यादव, सफदरगंज थाना प्रभारी सुधीर कुमार सिंह के साथ शहर कोतवाली और अन्य थानों की पुलिस फोर्स को हाईवे पर तैनात किया गया। दिनभर वाहन चालकों को दिशा-निर्देश देने और जाम खुलवाने में पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए।
हाईवे पर 24 घंटे पुलिस तैनात
अयोध्या में भीड़ को देखते हुए जैसे ही वहां से निर्देश जारी होते हैं, बाराबंकी से डायवर्जन कर दिया जाता है। इसे लेकर हाईवे पर 24 घंटे पुलिस की ड्यूटी लगा दी गई है। सीओ फतेहपुर, सीओ रामसनेहीघाट व सीओ सदर को निगरानी के लिए लगाया गया है।
- दिनेश कुमार सिंह, एसपी