बाराबंकी। तमाम दावों के बाद भी जिले में बिजली आपूर्ति की बदहाल स्थिति में सुधार नहीं हो पा रहा है। फॉल्ट के कारण हर घंटे हो रही बिजली कटौती ने उमस भरी गर्मी में सभी का चैन छीन रखा है। कहीं लो-वोल्टेज तो कहीं फाॅल्ट के कारण लोगों को परेशानी उठाना पड़ रही है। बृहस्पतिवार रात शहर में लगभग हर घंटे बाद 10-15 मिनट की कटौती की गई।
जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। शहर के मोहल्ला अभयनगर, श्री नगर, रफी नगर, गांधी नगर में बृहस्पतिवार रात 11 बजे से शुक्रवार सुबह चार बजे तक हर घंटे बिजली कटती रही। कुर्सी क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या रही। फाल्ट को दुरुस्त करने में विभागीय कर्मचारी संजीदा नहीं हैं। पावर कार्पोरेशन की बेपरवाही का आलम यह है कि एक जगह तार टूटे तार कोे जोड़ने में 12 घंटे लग गए। भीषण गर्मी में करीब डेढ़ लाख आबादी को दिनभर परेशानी झेलनी पड़ी। निंदूरा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह छह बजे राजकीय इंटर कॉलेज के पीछे लगा खंभा गिर गया जिससे तार टूट गया। इससे बाबागंज फीडर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। फीडर से जुड़े पिडसावां, बाबागंज, टिकरा, गढ़िया, जमुआ, धौरहरा, हाजीपुर समेत 150 से अधिक गांवों बिजली आपूर्ति बंद हो गई। सुुबह से शाम हो गई, सूचना के बाद भी कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
ग्रामीणों का आक्रोश भड़कता देख बिजली कर्मचारी मौके पर पहुंचे और शाम छह बजे तार दुरुस्त किया। जेई विकास शुक्ला का कहना है कि खंभा टूट गया था इससे कार्य करने में देरी हुई।