रामसनेहीघाट। क्षेत्र के गनाई का पुरवा मजरे दिलौना में एक परिवार का सालों पुराना मकान खाली करा दिया गया। न्यायालय के आदेश पर हुई इस कार्रवाई के दौरान घर का सारा सामान बाहर निकालकर सड़क पर रखवा दिया गया। अचानक बेघर हुए परिवार के सामने अब सिर छिपाने की समस्या खड़ी हो गई है।
परिवार के सदस्य लल्लन ने बताया कि करीब 30 वर्ष पहले उन्होंने एक बिस्वा जमीन खरीदी थी। जमीन का बैनामा नहीं हुआ था, केवल स्टांप पर लिखा-पढ़ी हुई थी। इसके बाद उन्होंने वहां मिट्टी का मकान बनाकर छप्पर डाल लिया और परिवार सहित रहने लगे। इसी मकान में परिवार की दो बेटियों की शादी भी हुई। वर्तमान में परिवार के सात सदस्य इसी घर में रह रहे थे। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस टीम के साथ पहुंचे लोगों ने न्यायालय का आदेश दिखाया।
उन्होंने परिवार को मकान खाली करने को कहा। मजदूरों और विपक्षी पक्ष के लोगों की मदद से घर का सामान बाहर निकलवाकर सड़क पर रख दिया गया। सीओ सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि न्यायालय के आदेश लेकर मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस बल की मांग की थी। पुलिस भेज मकान खाली कराया गया है। तहसीलदार विपुल सिंह ने बताया कि हल्का लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।