बाराबंकी। सफेदाबाद स्थित हिंद मेडिकल कॉलेज में कार्यरत नर्सिंग स्टाफ रोली (25) का शव लखनऊ-बाराबंकी रेलखंड पर रेलवे ट्रैक पर मिला। ट्रेन के लोको पायलट के अनुसार, युवती ने चलती ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। 12 घंटे बाद शव की पहचान हुई। मृतका का मोबाइल गायब है। जीआरपी मामले की जांच कर रही है।
बुधवार देर शाम जीआरपी को सूचना मिली कि शहर से करीब छह किमी दूर लखनऊ की ओर सफेदाबाद के पास एक कोल्ड ड्रिंक फैक्ट्री के समीप रेलवे ट्रैक पर एक युवती ट्रेन की चपेट में आ गई है। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी तत्काल शिनाख्त नहीं हो सकी। ट्रेन संख्या 15098 जम्मू तवी-भागलपुर अमरनाथ एक्सप्रेस के लोको पायलट ने मेमो भेजकर सूचना दी कि युवती अचानक ट्रेन के सामने कूद गई। पहचान न होने पर शव को अज्ञात के रूप में पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवाया गया। उधर, राेली के लापता होने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। फतेहपुर थाना क्षेत्र के बुधियापुर गांव निवासी पिता ब्रजेश कुमार को जानकारी मिली कि पास में ही एक युवती की ट्रेन से कटकर मौत हुई है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर उन्होंने शव की पहचान अपनी पुत्री रोली के रूप में की। जीआरपी के प्रभारी थानाध्यक्ष दुष्यंत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है, हालांकि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिश्तेदार के साथ रहती थीं रोली
परिजनों के अनुसार रोली सफेदाबाद स्थित हिंद मेडिकल कॉलेज परिसर में अपने रिश्तेदार जगदीश चंद्र के साथ रहती थी, जो अस्पताल में वाहन चालक हैं। उसने एक दिन पहले शहर में एक शादी समारोह में शामिल होने की बात कही थी। रोली स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुकी थीं, जबकि उनका छोटा भाई गांव में रहकर ग्रेजुएशन कर रहा है।
हिंद से जुड़ी आत्महत्याओं का सिलसिला थमा नहीं
हिंद मेडिकल कॉलेज से जुड़ा आत्महत्या का यह पहला मामला नहीं है। वर्ष 2024 के अगस्त माह में बहराइच जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र की छात्रा ने अपने कमरे के भीतर फंदे पर लटककर जान दे दी थी। पुलिस ने उसकी रूममेट और भाई को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अक्तूबर 2024 में वाराणसी निवासी एमबीबीएस छात्र विकास प्रसाद यादव (26) ने भी हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी थी। इसी संस्थान से पहले एक डॉक्टर की छत से गिरकर मौत और एक अन्य छात्र द्वारा आत्महत्या का मामला भी सामने आ चुका है।