देवा (बाराबंकी)। ब्लॉक देवा के राजकीय हाईस्कूल मित्तई में कई विषयों को पढ़ाने वाले शिक्षकों की तैनाती नहीं है। इसके चलते ही हिंदी व गणित के शिक्षकों को चित्रकला विषय पढ़ाना पढ़ रहा है।
राजकीय हाईस्कूल में वर्तमान में करीब 400 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। कक्षा नौ व 10 की कक्षाएं संचालित करने के लिए सात सहायक अध्यापकों के पद सृजित है। जिनमें वर्तमान में हिंदी, गृह विज्ञान, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, जीव विज्ञान व गणित विज्ञान के अध्यापक यहां शैक्षिक कार्य कर रहे हैं। जबकि चित्रकला की सहायक अध्यापिका का पिछले वर्ष तबादला हो जाने के बाद से यह सीट खाली है। ऐसे में अन्य विषय के शिक्षकों को चित्रकला का पाठ्यक्रम भी पढ़ाना पढ़ रहा है।
विद्यालय की प्रधानाचार्य दीपमाला वर्मा ने बताया कि रिक्त सहायक अध्यापक की तैनाती के लिए विभागीय उच्च अधिकारियों को पत्राचार किया जा रहा है। उधर, राजकीय हाईस्कूल को इंटरमीडिएट तक विस्तारित किए जाने की अभिभावकों की मांग भी अब जोर पकड़ने लगी है। उनका कहना है कि इलाके में कई किलोमीटर दूर तक कोई भी राजकीय इंटरमीडिएट विद्यालय न होने के कारण अधिकांश छात्र-छात्राओं को हाईस्कूल के बाद पढ़ाई छोड़ने के लिए विवश होना पड़ रहा है।