कोटवाधाम (बाराबंकी)। दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र में छज्जे का निर्माण करते समय ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन से सरिया छू गई। सरिया में उतरे करंट की चपेट में आने से काम कर रहे राजगीर की मौत हो गई।
दरियाबाद के मोहल्ला मोहरियान में सुभान के घर पर निर्माण काम चल रहा है। सोमवार को जटहा गांव निवासी प्रदीप (28) राजगीर वहां काम कर रहा था। दोपहर में घर के बाहर का छज्जा ढालने के लिए सरिया लगाई जा रही थी। प्रदीप के हाथ में पकड़ी सरिया अचानक ऊपर से गुजरती एचटी लाइन से टकरा गी। इससे राजगीर प्रदीप करंट की चपेट में आकर छज्जे से नीचे गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे सीएचसी मथुरानगर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएचओ मनोज सोनकर ने बताया कि फिलहाल इस मामले में मृतक के परिजनों की तरफ से पुलिस को कोई भी तहरीर नहीं दी गई है। (संवाद)