बाराबंकी। जिले में रविवार सुबह तेज हवा के साथ जमकर बारिश हुई। इससे शहर में जलभराव हो गया। बरसात का पानी कई घरों में घुस गया। हवा के चलते पेड़ व बिजली के तार टूटकर गिरने से बालिका समेत तीन लोगों की जान चली गई। तार टूटने से करीब तीन घंटे तक शहर की बिजली गुल रही है। डेढ़ लाख की आबादी को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ा। दोपहर बाद निकली धूप ने उमस बढ़ा दी।
सिद्धौर क्षेत्र के मदारपुर अमर सिंह गांव निवासी सतीश कुमार की पुत्री रानी देवी (7) रविवार सुबह बारिश के दौरान खेत जा रही थी। बारिश से बचने के लिए वह पाकड़ के पेड़ के नीचे रुक गई। तेज हवा के झोंके से पेड़ की डाल टूटकर रानी के ऊपर गिर गई। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मसौली निवासी मधुरानी (45) पत्नी रामसिंह बारिश के दौरान छत पर सामान उठाने गई थी। पानी में पैर फिसलने से वह छत से गिर गई। मधुरानी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिवारीजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के सरदारनगर मंझारी गांव निवासी सुखदेव सिंह (55) रविवार सुबह बाइक से खेत को जा रहे थे। आंधी के दौरान टूटकर रास्ते में पड़े बिजली के तार में उनकी बाइक फंस गई। उसे हटाने की कोशिश के दौरान सुखदेव करंट की चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक जलकर राख हो गई। हादसे की जानकारी पर लोगों का जमावड़ा लग गया। परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि सुबह तेज हवा से बिजली का तार टूटकर गिरा था जिससे हादसा हुआ है। एसओ मनोज शर्मा ने बताया कि पुलिस को हादसे की जानकारी नहीं मिली है। एडीएम संदीप गुप्ता ने बताया कि हादसों में मौत की जांच के निर्देश संबंधित एसडीएम को दिए गए हैं।
सुबह करीब 45 मिनट तक हुई तेज बारिश से शहर के लखपेड़ाबाग, आवास विकास कालोनी, जीआईसी परिसर, केडी सिंह बाबू स्टेडियम, बस स्टेशन, देवा तिराहा, जिला अस्पताल, पीरबटावन, असदनगर, खलरिया, बाल बिहार, लक्ष्मणपुरी, सत्यप्रेमीनगर, मखदूमपुर, दशहराबाग, कानूनगोयान, फैजुल्लागंज, बड़ेल आदि मोहल्लों में जलभराव हो गया। नालियां चोक होने के चलते कानूनगोयान मोहल्ले में बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया। मौसम विभाग की मानें तो इस वर्ष जून माह में पहली बार 60 मिली मीटर बारिश हुई है। इस माह में अब तक 101 मिमी बारिश हो चुकी है।
तीन घंटे तक गुल रही शहर की बिजली, पानी को तरसे लोग
बाराबंकी। तेज हवा से शहर में कई स्थानों पर पेड़ की डालियां टूटकर गिरने से बिजली की लाइनों को नुकसान हुआ। इससे विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई। इससे लखपेड़ाबाग, आवास विकास, पीरबटावन, पुलिस लाइन, तहसील कालोनी, बाल बिहार, बड़ेल, समेत शहर के कई मोहल्लों की बिजली तीन घंटे तक गुल रही। सुबह के वक्त बिजली गुल होने से करीब डेढ़ लाख की आबादी को पेयजल के लिए काफी परेशान होना पड़ा। बहुत से लोगों को बाल्टी लेकर हैंडपंपों पर लाइन लगानी पड़ी। दोपहर बाद बिजली आपूर्ति दुरुस्त होने से लोगों ने राहत की सांस ली।