त्रिवेदीगंज क्षेत्र के बड़वल फिरोजाबाद गांव में गिरे ओले। -संवाद
बाराबंकी। मौसम मेंं उतार-चढ़ाव जारी है। रविवार को दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी तेज होती गई। दोपहर बाद चली तेज हवा और बादल छाने की वजह से तापमान में एक डिग्री की गिरावट आ गई। इससे गर्मी से परेशान लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होगी और ओले भी गिर सकते हैं।
उधर, त्रिवेदीगंज में रविवार शाम बारिश के साथ ओले पड़ने से फसल को नुकसान हुआ है। बारिश के बीच फिरोजाबाद, कान्हीपुर, शिवनाम, खैराकनकू सहित कई अन्य पंचायतों में भी ओले गिरे। इससे आम व टमाटर की फसल को नुकसान होने से किसान चिंतित है।
ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान
हैदरगढ़ केवीके हेड कृषि वैज्ञानिक डॉ. अश्विनी सिंह ने बताया कि मौजूदा समय में मेंथा, मक्का, सूर्यमुखी, उरद, मूंग व कद्दू वर्गीय सब्जियां खेत में लगी हैं। ओलावृष्टि के चलते तना कटने से पत्तियों के छिलने व टूटने से फसलों को नुकसान हुआ है।