टिकैतनगर (बाराबंकी)। झोलाछाप से इलाज कराने के चक्कर में एक बालक की जान चली गई। गंभीर हालत में परिजन जब तक उसे सीएचसी लेकर पहुंचते उसकी मौत हो गई। सीएचसी अधीक्षक ने मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
टिकैतनगर क्षेत्र के ग्राम दुल्हदेपुर निवासी राजितराम के पुत्र रोहित (10) की तबियत पिछले कई दिनों से खराब चल रही थी। उसे तेज बुखार के साथ झटके आ रहे थे। उसका इलाज गांव के ही एक झोलाछाप द्वारा किया जा रहा था। बृहस्पतिवार की दोपहर रोहित की हालत ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद झोलाछाप ने उसे इलाज के लिए सीएचसी टिकैतनगर भेज दिया।
परिजन उसे लेकर सीएचसी पर पहुंचे तो चिकित्सक प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर करने की तैयारी कर रहे थे तब तक उसकी मौत हो गई। बालक की मौत के बाद परिजन शव लेकर घर चले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद