कुमारगंज। अयोध्या-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार रात हुए एक सड़क हादसे में हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। उनकी मोटरसाइकिल बरईपारा कट के पास अचानक गोवंश से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
मृतक हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार वर्मा अंबेडकर नगर के निवासी थे। वह बाराबंकी के असंद्रा थाने में तैनात थे। सुरेंद्र वर्मा कुमारगंज से अयोध्या की ओर जा रहे थे। रात करीब 9:30 बजे उनकी बाइक बरईपारा कट के पास गोवंश से टकरा गई। हादसे के बाद वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। कुमारगंज पुलिस ने उन्हें तत्काल सौ शैया संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पुलिस विभाग में शोक है और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।