हाईटेंशन लाइन के पोल से भिड़ा ट्रक
- फोटो : अमर उजाला
शहर में देवा तिराहे के पास बुधवार देर रात एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर हाईटेंशन लाइन के खंभे जा टकराया। इसके चलते बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त होने से आधे शहर की बिजली गुल हो गई । वहीं इस हादसे में दो होमगार्ड समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए है जिनका जिला अस्पताल में इलाज करवाया गया है।
शाम के समय बिजली न आने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। लगातार 16 घंटे तक आधे से भी ज्यादा शहर में बिजली न आने से पानी की भी किल्लत बनी रही। वहीं इस हादसे के बाद देवा मार्ग पर करीब पांच घंटे तक यातायात भी बाधित रहा।
बुधवार देर रात करीब 2 बजे देवा मार्ग पर हाईवे के समीप देवा तिराहे के पास एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर बिजली के हाईटेंशन लाइन के पोल से जा टकराया। इस दौरान हुए हादसे के चलते पूरी बिजली की लाइन के तार टूटकर हाईवे पर जा गिरे।
इस हादसे में देवा तिराहे पर ड़्यूटी कर रहे होमगार्ड रामफेर व रामसिंह व एक रिक्शा चालक घायल हो गया। हादसे की जानकारी पर तत्काल मौके पर पहुंचे शहर कोतवाल बीपी यादव ने इस बारे में पावर कारपोरेशन के अधिकारियों को सूचना देकर बिजली की सप्लाई बंद करवाई। जिसके बाद पुलिस ने घायल होमगार्ड व रिक्शा चालक को जिला अस्पताल पहुंचाया।
हाईवे किनारे हुए इस हादसे से देवा मार्ग पर करीब पांच घंटे से भी ज्यादा समय तक आवागमन पूरी तरह से ठप रहा। जिसके बाद बिजली के तार रास्ते से हटवाने के बाद मार्ग पर आवागमन शुरू कराया जा सका। हादसे के चलते यहां आस पास के लोगों में अफरातफरी का भी माहौल व्याप्त रहा।