सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। करीब सात बीघा बंजर भूमि चकबंदी के दौरान हथियाकर प्लाॅटिंग कर दी गई थी। तहसील प्रशासन ने जमीन कब्जे में लेकर उसे ग्राम पंचायत के खाते में निहित कर दिया है एवं जालसाज के विरुद्ध कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से भू माफिया में हड़कंप मच गया है। बदोसराय के खुर्दमऊ मार्ग पर रसूलपुर ग्राम पंचायत की भूमि को चकबंदी के दौरान कुछ लोगों ने गाटा संख्या में बदलाव कराकर अपने नाम करा लिया था। तहसील नवाबगंज के शहाबपुर के एक व्यक्ति ने प्लॉटिंग कर डेढ़ करोड़ रुपये में जमीन बेच दी थी। इस मामले में एक ग्रामीण ने न्यायालय उपसंचालक चकबंदी में एक वाद दाखिल कर दिया। अभिलेखों की पड़ताल की तो मामले का खुलासा हुआ और उपसंचालक चकबंदी ने तहसील सिरौलीगौसपुर को इसे बंजर के खाते में दर्ज करने के आदेश दिए।
बृहस्पतिवार को उक्त भूमि बंजर के खाते में दर्ज करने के बाद तहसीलदार सुरेंद्र कुमार, लेखपाल संदीप कुमार के साथ मौके पर पहुंचे और बंजर में दाखिल की गई भूमि पर बोर्ड लगा कर कब्जे में ले लिया है। तहसीलदार ने बताया कि इस भूमि को ग्राम पंचायत के खाते में निहित कर दिया गया है। वहीं जालसाज के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है।