चार चरणों में हुए प्रधान व सदस्य पदों के चुनाव की मतगणना रविवार सुबह सात बजे शुरू हुई। रात तक चली मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई।
कमिश्नर और डीआईजी के अलावा डीएम, एसपी व अन्य अधिकारियों ने सभी ब्लॉकों का भ्रमण कर मतगणना का जायजा लिया। मतगणना के लिए सुबह छह बजे से ही प्रत्याशियों के साथ उनके समर्थकों की भीड़ जमा हो गई जो काउंटिंग के अंत तक थी। नाम वापसी के दौरान दो उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए थे।
जिले में 1167 ग्राम पंचायतों में प्रधान व सदस्य पदों के लिए चुनाव कराए गए। 15 ब्लॉकों में चार चरणों में वोट डाले गए। मतों की गिनती रविवार को सभी ब्लॉकों पर सुबह सात बजे से शुरू हुई।
प्रशासन का दावा है कि सभी मतगणना स्थलों से निर्धारित समय पर मतगणना का कार्य शुरू हुआ। कहीं भी किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।