बाराबंकी में सरकारी जमीन पर बनी मजार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त करा दिया गया। जमीन खाली करा ली गई है। दोबारा किसी भी तरह का अतिक्रमण ना करने की हिदायत दी गई है। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
यूपी के बाराबंकी में शनिवार को सरकारी जमीन पर बनाई गई मजार को ध्वस्त कर दिया गया। सुबह-सुबह टीम बुलडोजर लेकर पहुंची। मजार को हटाकर जमीन की मेड़बंदी करा दी। लोगों को आगे से किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध कब्जा न करने की हिदायत दी।
विज्ञापन
मामला सफदरगंज थाना क्षेत्र के नियामतपुर जंगल का है। यहां सरकारी जमीन पर मजार बनी थी। सुबह 7.00 बजे टीम पहुंची। बुलडोजर चलवाकर मजार ध्वस्त करा दी। इसके बाद मिट्टी से मेड़ रखवाकर सरकारी जमीन के घेराबंदी कर दी गई। यह कार्रवाई वन विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
...इसलिए प्रशासन को दिखानी पड़ी सख्ती
डीएफओ आकाशदीप बधावन ने बताया कि नियामतपुर के जंगल में कुछ लोगों ने सरकारी भूमि पर मजार का अवैध निर्माण कर लिया था। इसको लेकर पहले कई बार नोटिस जारी किए गए थे। मगर, संबंधित लोगों ने न तो जवाब दिया और न ही निर्माण हटाया। आखिर में प्रशासन को सख्ती दिखानी पड़ी।
कब्जा मुक्त घोषित की गई जमीन
एसडीएम, सीओ, राजस्व अधिकारी, वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी मशीन से मजार को जमींदोज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान कोई विरोध नहीं हुआ। प्रशासन ने जमीन कब्जा मुक्त घोषित कर दिया है। अधिकारियों ने साफ किया कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।