शिव मन्दिर में प्रेमी युगल ने रचाई शादी । संवाद
बड़डूपुर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र बड्डूपुर के कतुरीखुर्द गांव के आलोक व पड़ोसी गांव परवरभारी की रेखा एक-दूसरे से प्रेम करते हैं। दोनों ने लखनऊ जाकर शादी करने का निर्णय लिया। इस पर युवती के परिजनों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने बुधवार को आलोक व रेखा को थाने बुलाया। दोनों ने बालिग होने का हवाला देते हुए अपनी मर्जी से शादी करने की इच्छा जताई। इस पर पुलिस ने भी शादी को कानूनी रूप से सही बताते हुए परिजनों से बातचीत की। कुछ ही देर में पुलिस की मेहनत रंग लाई और बृहस्पतिवार को थाने के सामने शिव मंदिर में ही दोनों की शादी करा दी गई। आलोक कुमार व रेखा ने भोलेनाथ को साक्षी मानकर सात फेरे लिए।
थानाध्यक्ष बड्डूपुर मनोज कुमार ने बताया कि युवक-युवती सजातीय हैं। युवक लखनऊ में पैथोलॉजी में काम करता है। एक साल पहले युवती की तबीयत खराब होने पर खून का नमूना लेने गया था। तभी दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हुआ। परिजनों की सहमति से विवाह हुआ है।