हैदरगढ़ कस्बे में दशहराबाग मोहल्ला स्थित रामजानकी व दुर्गा मंदिर में घुसे चोर घंटा, कीमती धातु के पूजा के बर्तन व चढ़ावे के ढाई हजार रुपए उठा ले गए। सुबह जानकारी होने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लोगों ने पुलिस को जानकारी दी पर वह मौके पर नहीं पहुंची। कोतवाल ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है।
सोमवार रात हैदरगढ़ कस्बे में स्थित रामजानकी मंदिर में पहुंचे चोर छत पर बरामदे में रखी कीमती धातु की पूजा की थाली, बाल्टी व अन्य बर्तन चोरी कर ले गए। इसके निकट मौजूद दुर्गा मंदिर से चोरों ने चढ़ावे के रखे ढाई हजार रुपए, दो घंटे और बर्तन उठा ले गए है।
मंगलवार सुबह मंदिर में चोरी होने का पता लगने पर लोगों ने पुलिस से शिकायत किया। मोहल्ले के रहने वाले लोगों का कहना है कि मंदिर से बर्तन, बाल्टी, तांबे का लोटा व नकदी चोरी हुई है।
मंदिर के पास में रहने वाले राजू अवस्थी ने बताया रात को तीन अज्ञात युवकों को मंदिर में जाते देखा था लेकिन पूजा करने जाने की बात सोच कर किसी ने ध्यान नहीं दिया। कोतवाल पीके तिवारी ने बताया कि मंदिर में चोरी की घटना होने की कोई सूचना पुलिस के पास नहीं है।