कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बंकी और हरख की छात्राओं ने बनारस में आयोजित प्रदेश स्तरीय स्काउट गाइड प्रतियोगिता जीतकर विद्यालय का ही नहीं बल्कि जिले का भी नाम रोशन किया है। वहीं बीएसए ने जीत दर्ज करने वाली छात्राओं तथा उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित करने की बात कही है।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों बंकी और हरख की छात्राओं ने पहले जिला स्तर पर इसके बाद मंडल स्तर पर जीत दर्ज की थी। सोमवार को बनारस में हुई प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में जीत दर्ज कर विद्यालय का ही नहीं बल्कि पूरे जिले का नाम प्रदेश में रोशन किया है।
इस बात की जानकारी जब बीएसए पीएन सिंह को हुई तो उन्होंने सभी छात्राओं, इनके शिक्षकों और प्रशिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए सम्मानित करने की बात कही है। उन्होंने जिलाधिकारी का आभार जताते हुए कहा कि यदि उनकी ओर से अनुमति न मिलती तो यह सफलता हासिल नहीं की जा सकती थी। इन छात्राओं को जिलाधिकारी के हाथों से ही सम्मानित कराया जाएगा।