बाराबंकी। यातायात माह के तहत मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित जमीरुल रहमान किदवई इंटर कॉलेज में एक अनोखा यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसके बाद छात्राओं ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की। छात्राओं ने सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाते हुए पंफलेट वितरित किए और बिना हेलमेट चलने वालों को फूल देकर चालान की प्रति सौंपी।
प्रभारी यातायात रामयतन यादव के नेतृत्व में छात्राओं ने न केवल यातायात नियमों की जानकारी ली बल्कि नियम तोड़ने वालों को जागरूक करने में भी आगे रहीं। यातायात प्रभारी ने बताया कि सड़क पर सुरक्षा के लिए बने नियमों का पालन करना हर नागरिक का कर्तव्य है। इस क्रम में एसपी अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने थाना हैदरगढ़ क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करके उन्हें नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया।