बाराबंकी। विवाहिता की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव गांव के बाहर यूकेलिप्टस के पेड़ पर बंधे फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। इस पर पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज छानबीन शुरू की है।
देवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम इब्राहिम खुर्द निवासी कालीचरण ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उसकी बेटी सुशीला (21) की शादी एक वर्ष पहले घुंघटेर थाना क्षेत्र के रौशनाबाद निवासी विजय पुत्र प्यारेलाल से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दिए गए दहेज से खुश नहीं थे। इसके चलते सुशीला को प्रताड़ित किया जाता था।
इस बीच कई बार सुलह की वार्ता हुई लेकिन ससुरालवाले नहीं माने। आरोप है कि सुशीला के ससुराल वाले दहेज में एक लाख रुपये मांग रहे थे। दहेज की मांग पूरी न होने पर मंगलवार रात ससुराल वालों ने सुशीला को पीटा और गला दबाकर हत्या करने के बाद मामले को आत्महत्या दिखाने के लिए शव पेड़ पर फंदे से लटका दिया। घुंघटेर इंस्पेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मृतका के पति विजय, ससुर प्यारेलाल व सास के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।