कुएं में युवती की तलाश करती एसडीआरएफ की टीम। स्रोत- पुलिस
सूरतगंज (बाराबंकी)। कोतवाली क्षेत्र रामनगर के इब्राहिमपुर गांव निवासी एक युवती मंगलवार रात संदिग्ध हालात में घर से लापता हो गई। बुधवार सुबह खोजबीन के दौरान कुएं के पास उसका दुपट्टा और चप्पल मिलने से हड़कंप मच गया। दमकल व पुलिस की संयुक्त टीमों के बाद एसडीआरएफ टीम ने भी कुएं में रेस्क्यू किया मगर पता नहीं चला।
इब्राहिमपुर निवासी कमलाकांत की बेटी वैष्णवी (20) स्नातक की छात्रा है। परिजनों के अनुसार मंगलवार रात वह खाना खाने के बाद कमरे में सोने चली गई थी लेकिन बुधवार सुबह घर में नहीं मिली। खोजबीन के दौरान घर के सामने स्थित कुएं के पास उसके चप्पल और दुपट्टा पड़ा मिला।
परिजनों ने युवती के कुएं में गिरने की आशंका जताते हुए पुलिस और दमकल को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस व दमकल की संयुक्त टीमों ने कुएं में उतर कर तलाश शुरू कर दी। छह घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद भी युवती का कुछ पता नहीं चल सका।
एसपी दिनेश कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ ने डेढ़ घंटे तक खोजबीन की। सीओ सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि कुएं में करीब आठ घंटे तक पुलिस, दमकल व एसडीआरएफ की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इसके बाद बाद भी कुएं में कुछ नहीं मिला। इससे पुलिस को संदेह है कि युवती कहीं निकल गई है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।