जैदपुर (बाराबंकी)। थाना जैदपुर क्षेत्र में सोमवार दोपहर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने युवती को रौंद दिया। इसके बाद गाड़ी सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी। युवती की मौके पर मौत हो गई जबकि चालक स्कॉर्पियो छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जैदपुर थाना क्षेत्र के आलमपुर बेरी गांव निवासी धर्मानन्द की पुत्री प्रियांशी (20) सोमवार को दिन में करीब एक बजे खेत से पशुओं के लिए हरा चारा काटने के बाद बोझ लेकर घर आ रही थी। इसी दौरान गांव की सड़क पर गांव की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो लहराई और सड़क किनारे जा रही प्रियांशी को रौंदते हुए गड्ढे में जा घुसी। इससे युवती की मौके पर ही मौत हो गई। आस पास मौजूद ग्रामीण जब तक पहुंचते चालक गाड़ी छोड़ कर भाग निकला। धर्मानन्द की दो पुत्रियों में से एक की शादी हो चुकी है जबकि प्रियांशी ही घर में रहकर माता पिता के काम में हाथ बंटाती थी। चर्चा है कि पड़ोस गांव की कोई युवक गाड़ी चलाना सीख रहा था, इसी दौरान यह जानलेवा हादसा हो गया। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।