बाराबंकी। भीषण तपिश व गर्म हवाओं के थपेड़ों से परेशान लोगों की शुरुआत मंगलवार को सुबह सुहाने मौसम के साथ संग हुई। हल्की बारिश और पुरवा हवाओं संग आसमान में छाए बादलों से मौसम खुशनुुमा रहा। सिरौलीगौसपुर क्षेेत्र में सुबह हुई झमाझम से सभी को गर्मी से राहत मिली। लेकिन कुछ देर बाद ही तेज धूप निकल आई। इससे उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान रखा।
दोपहर बाद मौसम ने फिर करवट बदला और आसमान में बादल छाने लगे। इसके बाद शाम ढलते-ढलते बदरा फिर झूम कर बरसे। इससे कई इलाकों में जलभराव होने के साथ ही खेतों में भी पानी भर गया। लेकिन बारिश बंद होने के बाद फिर लोगों को उमस भरी गर्मी ने बेहाल किया। तराई क्षेत्र के गांव कोठीडीहा, सिरौलीगुंग, रानी पुरवा, सनावा आदि गांवों में सोमवार भोर में बारिश हुई। सुबह आसमान में छाए बादलों से लोगों को काफी राहत मिली। वहीं सिरौलीगौसपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत अमरादेवी के चमारन मोहल्ले में बारिश से सड़के लबालब हो गई। नाली की सफाई न किए जाने गलियों में पानी भर गया। खेतों में पानी भर जाने से कई किसानों की मेंथा की कटी फसल भी पानी में डूब गई। शाम को हुई बारिश के दौरान गर्मी से परेशान बच्चे बारिश में भीग कर नहाते व साइकिल चलाते नजर आए।