बाराबंकी। हैदरगढ़ क्षेत्र में बुखार से लोगों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुखार की चपेट में आने से रविवार को दो वर्षीया बालिका की जान चली गई। एक मासूम को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। इस सूचना पर रविवार को गांव पहुंचे सीएचसी अधीक्षक ने लोगों की जांच कर दवा दी और रास्तों में फैली गंदगी व जलभराव के बारे में एसडीएम को बताया।
बीजापुर गांव में महादेव की पुत्री राधा (2) 15 अगस्त से बुखार से पीड़ित थी। परिवारीजन इलाके के एक निजी चिकित्सक से उसका इलाज करा रहे थे। रविवार को हालत बिगड़ने पर सीएचसी ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं गांव के नरेश के पुत्र दीपक (3) को सीएचसी से गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। मालूम हो कि क्षेत्र में बुखार की चपेट में आने से अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। एक और बालिका की मौत के बाद रविवार को सीएचसी अधीक्षक डॉ. धर्मेंद्र राय गांव पहुंचे और लोगों की जांच कर दवा दी है। बुखार की आशंका पर कई बच्चों के खून का नमूना जांच के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। गांव के रास्ते में जलभराव व आबादी के बीच सुअर बाड़ा से गंदगी फैलने की जानकारी सीएचसी अधीक्षक ने एसडीएम को दी है।
पिचूरी में बुखार से 11 लोग पीड़ित
पिचूरी गांव के कई परिवारों के 11 लोग बुखार से पीड़ित हैं। गांव के अर्पित (4), निशां (8), अतुल (4), अखिलेश (15), चांदनी (16), कविता (11), पल्लवी (3), सहजराम (13), दिवाकर (1), रिंकू (3) व शिखर (12) कई दिन से बुखार से पीड़ित हैं। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजों की जांच कर इलाज किया है।