बाराबंकी। रामनगर क्षेत्र के कटियारा गांव स्थित कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस रिसाव के बाद पहुंच
- फोटो : BARABANKI
रामनगर (बाराबंकी)। हाईवे पर स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में सोमवार को अमोनिया गैस का रिसाव होने से हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस व फायर कर्मियों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद इस पर काबू पाया। हालांकि इससे किसी प्रकार का कोई नुकसान होने की बात सामने नहीं आई है। गैस रिसाव बंद होने के बाद आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
बहराइच हाईवे पर कटियारा गांव के पास रामनगर रेफ्रिजरेशन आइस प्राइवेट लिमिटेड कोल्ड स्टोरेज में दिन में करीब 3 बजे अमोनिया टैंक के रिसीवर का गेज ग्लास प्रेशर बढ़ने के कारण फट गया। जिससे पूरे कोल्ड स्टोरेज में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम के प्रयास के बाद गैस का रिसाव बंद हो सका।
प्लांट इंजीनियर कन्हैया लाल ने बताया कि अमोनिया गैस का ग्लास प्रेशर के कारण फट गया था। जिससे गैस का रिसाव हो गया। मौके पर आई सिरौलीगौसपुर व बाराबंकी की फायर ब्रिगेड ने गैस पर लगे वॉल को कस दिया। तब जाकर गैस के रिसाव पर काबू पाया जा सका। इंस्पेक्टर रामनगर रामचंद्र सरोज ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज में कोई नुकसान नहीं हुआ है।