पिछले साल किशोरी को अगवा कर अंजाम दी थी वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
बाराबंकी। किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के चार आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। मोहम्मदपुर खाला थाना पुलिस इन आरोपियों की संपत्ति की जांच भी करेगी। इनमें से एक आरोपी जमानत पर बाहर है। बाकी तीन जेल में बंद हैं।
पुलिस के अनुसार पिछले साल किशोरी का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ था। जिसमें ग्राम चिरैय्यापुरवा मजरे गौरा सैलक गांव निवासी एखलाख, मुन्ना, गुलफाम व शाहिद के खिलाफ पाॅक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस केस का आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है। इनमें से गुलफाम जमानत पर जेल से बाहर है।
बृहस्पतिवार को मोहम्मदपुर खाला एसएचओ धीरज कुमार ने बताया कि एखलाख को गिरोह का सरगना चिह्नित करते हुए चारों आरोपियों के खिलाफ गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गैंगस्टर एक्ट के तहत आरोपियों की संपत्ति की जांच भी की जाएगी। संवाद