कोठी (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के बुधनई गांव में परती की जमीन पर कब्जेदारी व घूर को लेकर हुए खूनी संघर्ष में मृत वृद्ध रामसिंह का शनिवार को पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पिता-पुत्री समेत चार लोगों को जेल भेजते हुए दो लाठियां व खून से सनी शर्ट बरामद की है। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात है।
कोठी थाना क्षेत्र के बुधनई गांव में जमीन पर कब्जेदारी को लेकर शुक्रवार सुबह दो चचेरे भाइयों के परिजनों के बीच लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई थी, जिसमें घायल रामसिंह (62) की मौत हो गई थी, जबकि अन्य नौ लोग घायल हुए थे। शुक्रवार शाम शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। शनिवार को रामसिंह के पुत्र गुलशन के गुजरात प्रांत से लौटने पर कड़ी सुुरक्षा व्यवस्था में शव का अंतिम संस्कार किया गया।
वहीं, पुलिस ने आरोपी दूलन, उसकी पुत्री सरोजिनी, भतीजे लालजी व भाई जगदीश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक विवेक सुब्बा चौहान ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।