बाराबंकी। माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा छह से आठवीं तक के छात्रों को अब प्रारंभिक स्तर से ही तकनीक, नवाचार और रोजगार से जुड़े कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शासन द्वारा समग्र शिक्षा अभियान के तहत इस नई पहल की शुरुआत की गई है। अब तक यह व्यवस्था कक्षा नौ से 12वीं तक सीमित थी, जिसे विस्तार देते हुए अब निचली कक्षाओं में भी लागू किया जा रहा है।
जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद से संबद्ध कुल 327 विद्यालय संचालित हैं, जिनमें राजकीय हाईस्कूल एवं राजकीय इंटर कॉलेज शामिल हैं। इन विद्यालयों में कक्षा छह से पढ़ाई होती है। नई व्यवस्था के तहत कक्षा छह से आठवीं तक के छात्रों को नियमित पाठ्यक्रम के साथ-साथ व्यावसायिक शिक्षा भी प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के जिला समन्वयक अखिलेंद्र सिंह ने बताया कि इसका उद्देश्य छात्रों को उनकी रुचि के अनुरूप कौशल विकसित करने का अवसर देना है, जिससे वे भविष्य में रोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में बेहतर तैयारी कर सकें। इसके अंतर्गत अल्पकालीन व्यावसायिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी त्रिपाठी ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में इस योजना को जिले के सभी संबंधित विद्यालयों में लागू कराया जाएगा। यह पहल छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।