इंटरनेट पर लोन दिलाने का दावा करने वाली एजेंसी और जालसाजों से सावधान रहने की जरूरत है। बाराबंकी शहर कोतवाली क्षेत्र में बिहार के मूल निवासी एक व्यक्ति को लोन दिलाने के नाम पर 17 हजार रुपए ठगकर जालसाज चंपत हो गया। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बिहार प्रांत के रोहतास जिले के निवासी शशिदीप भारती शहर के मोहल्ला जसवंतनगर में किराए के मकान में रहते हैं। बीते 31 दिसंबर को उन्होंने इंटरनेट पर व्यवसाय के लिए लाखों रुपए का लोन दिलाने वाले एक व्यक्ति से संपर्क किया। व्यक्ति ने अपना नाम सुधीर पांडे बताया।
भारती के अनुसार, लोन के बदले प्राथमिक फीस के नाम पर 12 हजार रुपये का ऑनलाइन पेमेंट कराया गया। 2 जनवरी को कथित सुधीर बाराबंकी आया और उसने शशिदीप से ब्लैंक चेक अन्य कागजात के अलावा 5 हजार रुपए और लिए। इसके बाद वह लापता हो गया और मोबाइल फोन पर कॉल रिसीव करना बंद कर दिया।
इस संबंध में संदीप ने जब बैंक में जाकर पता किया तो वहां कोई भी फाइल दाखिल नहीं पाई गई। शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।