बाराबंकी। आरडी व एफडी स्कीम के नाम पर करोड़ों रुपया जमा करवा लिया। पैसा देने की बारी आई तो कंपनी के कथित एमडी व कर्ताधर्ता फरार हैं। मामले की शिकायत एसपी से होने के बाद पुलिस एमडी की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जिन लोगों पर आरोप हैं उन पर पहले से ही केस दर्ज हैं। एसपी ने पूरे मामले में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
लखीमपुर के धौरहरा निवासी राकेश कुमार के साथ वहीं के अनूप कुमार, कौशल कुमार, अरुण कुमार आदि ने एसपी से मिलकर बताया कि बाराबंकी में शहर कोतवाली के रफीनगर का निवासी अतुल कुमार वर्मा कंपनी का एमडी है जबकि कंपनी के दूसरे कर्ताधर्ता बड़ेल के पास रहने वाले शरद वर्मा हैं। इन लोगों द्वारा कुछ लोगों के साथ कंपनी खोली गई थी। एजेंट बनाए गए थे।
कई जिलों में ऑफिस खोले गए थे। अब जब पैसा देने की बारी आई तो एमडी व सारे कर्ताधर्ता फरार हैं। राकेश ने बताया कि उसकी बेटी का अगले महीने विवाह होना है मगर कंपनी के अधिकारी ऑफिस बंद करके भाग गए हैं। पैैसा कहां से लाएं। बताया कि दर्जनों लोग अपना घरबार छोड़कर पुलिस की शरण में हैं। कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि उन्हें भी तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद