बाराबंकी। अधिक कमीशन देने का लालच देकर ऑनलाइन लेनदेन कराने वाली कंपनी के जरिये जनसेवा केंद्र संचालक से 5.96 लाख रुपये ठगे जाने का मामला सामने आया है। बंकी की शिव विहार कॉलोनी निवासी सुधीर कुमार वर्मा ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित सुधीर कुमार वर्मा स्मार्ट मनी एडवाइजरी ओपीसी प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से ऑनलाइन रिचार्ज और नकद भुगतान का काम करते हैं। इसी दौरान इंटरनेट पर बल्क-पे कंपनी का प्रचार देखकर उन्होंने उसके माध्यम से भी लेनदेन शुरू कर दिया। पीड़ित के मुताबिक 19 से 22 अक्तूबर के बीच उन्होंने रुपये जमा किए। 23 अक्तूबर से कंपनी ने भुगतान रोक दिया।
संपर्क करने पर तकनीकी दिक्कत बताकर जल्द भुगतान शुरू करने का आश्वासन दिया गया। बाद में कंपनी के खाते पर भी रोक लगने की जानकारी मिली। इससे उनकी 5.96 लाख रुपये रुपये की रकम फंस गई। पीड़ित ने फर्जी दस्तावेजों या इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड के इस्तेमाल से धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया है। सीओ सिटी आफताब आलम ने बताया कि साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।