बाराबंकी। 24 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा में बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े चार हजार शिक्षक भी परीक्षा ड्यूटी की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके साथ ही नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए पांच सचल दस्ते भी गठित किए गए हैं। बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से परीक्षा ड्यूटी में तैनात होने वाले शिक्षक 76,053 छात्र-छात्राओं की निगरानी करेंगे।
जिले के 106 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल के 40,691 व इंटर के 35,362 छात्र-छात्राएं शामिल होंगें। परीक्षार्थियों की जांच के लिए प्रवेश द्वार पर तलाशी की व्यवस्था की गई है, जिससे कोई भी प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा कक्ष तक न जा सके। डीआईओएस ओपी त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। परीक्षा में निगरानी के लिए 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट और सात जोनल मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे। नकल रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए पांच सचल दस्ते भी गठित किए गए हैं।
एलईडी लगी, चार और कंप्यूटर लगेंगे
डीआईओएस कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम में 106 परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए दस कंप्यूटर लगाए गए हैं। निगरानी के लिए यहां एलईडी लगाने के साथ ही चार और कंप्यूटर भी लगाए जाएंगे।