बाराबंकी। शहर क्षेत्र में शुक्रवार को संचालित पाए गए देह व्यापार और मादक पदार्थ की बरामदगी के मामले में पुलिस ने मां-बेटी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर शनिवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इनके कब्जे से मोबाइल फोन, कई तरह के नशीले व शक्तिवर्धक पदार्थों के साथ गर्भनिरोधक सामग्री भी मिली।
शुक्रवार को सीओ सिटी संगम कुमार व सीओ रामनगर गरिमा पंत ने पुलिस टीम के साथ शहर के पैसार क्षेत्र में सिद्धार्थनगर स्थित एक मकान पर छापा मारा था। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद मौके पर मिले सिद्धार्थ नगर के दिनेश मौर्य के अलावा तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया। इनमें दो महिलाएं रिश्ते में मां-बेटी बताई गई हैं।
पुलिस के अनुसार जांच और पूछताछ में पता चला कि उक्त मकान में संगठित रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। ग्राहकों से संपर्क स्थापित करने के लिए मोबाइल फोन का उपयोग किया जाता था। अधिक आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से ग्राहकों को गांजा, कोडीन युक्त कफ सिरप और न्यूट्रिशन सप्लीमेंट भी उपलब्ध कराए जाते थे, जिसके बदले अतिरिक्त धन वसूला जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन, 59 शीशी कोडीन युक्त सिरप (आयुरेक्स), 245 ग्राम गांजा, 58 पैकेट हेल्दी न्यूट्रिशन (गुड मोंक), 1600 रुपये नकद व कंडोम बरामद किए हैं।