हैदगरढ़ (बाराबंकी)। नगर पंचायत में पानी आपूर्ति की समस्या से निजात के लिए 11 करोड़ रुपये की लागत से चार नए ओवरहेड टैंक बनेंगे। साथ ही बोरिंग व पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने का भी कार्य किया जाएगा। जल निगम ने शहरी अमृत योजना के अंतर्गत तीन स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। हालांकि ब्रम्हनान में चिह्नित भूमि पर कुछ लोगों की आपत्ति के चलते निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
हैदरगढ़ नगर पंचायत के सब्जी मंडी वार्ड में 40 साल पहले बने ओवरहेड टैंक से नगर के सभी मोहल्लों में पानी आपूर्ति होती है। लगातार शहरी क्षेत्र के विस्तार के चलते कई मोहल्लों में पानी प्रेशर से नहीं पहुंचता है। जिससे ऊपरी क्षेत्र के घरों में जलापूर्ति बाधित होती है। फोरलेन हाईवे के उत्तर मोहल्लों में कई बार महीनों पानी सप्लाई ठप होने से परेशानी होती है। सरकार ने अमृत टू योजना से नगर को पेयजल की समस्या से निजात दिलाने के लिए चयनित किया था।
अधिशासी अभियंता जल निगम शहरी अयोध्या संचय शुक्ला ने बताया कि 11 करोड़ की लागत से हैदरगढ़ कस्बे के ब्रम्हनान, लिल्हौरा, भटखेरा व सब्जीमंडी में चार ओवरहेड टैंक, डीप बोरिंग व आपूर्ति पाइपलाइन बिछाई जाएगी। मंगलवार रात विभाग से बोरिंग मशीन पहुंचने पर चेयरमैन आलोक तिवारी ने कहा कि लोगों में पानी की आपूर्ति की समस्या से निजात मिलने पर प्रसन्नता है। मोहल्ला ब्रम्हनान में भूमि संख्या 658 व 659 का चिह्नांकन ओवरहेड टैंक निर्माण के लिए हुआ था। बुधवार को स्थानीय लोगों की ओर से भूमि पर कब्रिस्तान होने की बात कही गई। जिसके बाद कार्य नहीं शुरू हो पाया। इसके संबंध में तहसील प्रशासन को सूचना दी गई है।