बाराबंकी। जले में कोरोना के तीन और पॉजिटिव पाए गए हैं। कोविड से बचाव के लिए जिले में चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के तहत शनिवार को 7237 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इस दौरान बूथों पर जहां लोगों की लाइन लगी रही वहीं हर वर्ग में टीका लगवाने को लेकर उत्साह दिखाई दिया।
शनिवार देरशाम आई जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले में कोरोना के तीन और पॉजिटिव पाए गए हैं। सीएमओ डॉ. बीकेएस चौहान ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है तथा संबंधित सीएचसी के चिकित्सकों को इन पर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है, इसलिए सभी से अपील की जाती है कि अपने-अपने घर में रहें और सुरक्षित रहें। यदि बहुत जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अवश्य करें।
सीएमओ ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के तहत शनिवार को 7237 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इनमें 4431 युवाओं को टीका लगा है। टीका लगवाने के लिए युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला रहा है। युवा खुद तो टीका लगवा ही रहे हैं इसके साथ ही पात्र लोगों को भी टीका लगवाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।
वहीं लोगों से अपील की जाती है कि जो पात्रता की श्रेणी में आते हैं, वे बूथों पर पहुंचकर कोरोना का टीका अवश्य लगवाएं क्योंकि कोरोना से बचाव का सबसे सुरक्षित माध्यम टीका ही है।