हैदरगढ़ (बाराबंकी)। शासन के सख्त निर्देशों के बावजूद तहसील कार्यालय में रिश्वतखोरी कम नहीं हो रही है। कृषि भूमि को फ्रीहोल्ड कराने के नाम पर तहसीलदार के मालबाबू का रिश्वत मांगते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से राजस्व अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लग गए हैं। हालांकि मामले की जानकारी पर एसडीएम ने जांच में आरोप सही मिलने पर कार्रवाई करने की बात कही है।
हैदरगढ़ में शनिवार को तहसील कार्यालय में मालबाबू कौशर हुसैन का वीडिया सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में मालबाबू द्वारा भूमि को फ्रीहोल्ड कराने के नाम पर एक व्यक्ति से रिश्वत मांगते दिखाई और सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। इस बावत संपर्क करने पर मालबाबू का फोन नंबर बंद मिला है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर एक बार फिर तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर लोगों में चर्चा है तथा हाल में रुपया लेकर निपटाए गए कई अन्य मामले उजागर हो सकते हैं। एसडीएम शालिनी प्रभाकर ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। जांच में आरोप सही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।