फतहापुर गांव में दो पक्षों में बाग में कब्जेदारी को लेकर शुक्रवार को मारपीट हो गई। जिसमें एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया। मारपीट में छात्र समेत चार लोगों को गंभीर चोटे आई हैं। पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फतहापुर निवासी मंशाराम व गांव के प्रेमचंद्र से बाग में कब्जेदारी को लेकर काफी दिनों से विवाद चला आ रहा है। शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे मंशाराम बाग की सफाई करने गया। पीछे से इसका विरोध करने प्रेमचंद्र अपने परिवारीजनों के साथ पहुंच गया। दोनों पक्षों केे बीच कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी।
मंशाराम को मार खाता देख उसके परिवार के मुकेश कुमार (18), अभय कुमार (19) , अवधेश कुमार (17), राजेश कुमार (37) पहुंच गए तो आरोपियों ने उनपर भी लाठी डंडों से हमला कर दिया।
प्रेमचंद्र की ओर से उत्तम, कौशल, आलोक, रामसेवक व सुधीर अदि लोगों ने जमकर उत्पात मचाया। मारपीट में घायल मुकेश इंटर का छात्र है। गंभीर रूप से घायल होने की वजह से उसकी परीक्षा छूट गई।
सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी फतेहपुर लाया गया। इस संबंध में एसएसआई मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जमीन पर कब्जेदारी को लेकर विवाद हुआ था। मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।