अंतिम यात्रा में पहुंचे राज्य मंत्री सतीश शर्मा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
यूपी के बाराबंकी में मंगलवार को हरख ब्लॉक के जर्मापुर गांव में पूर्व मंत्री संग्राम सिंह वर्मा का अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न दलों के नेता, कार्यकर्ता और सर्व समाज के लोग शामिल हुए। संग्राम सिंह की पुत्री रश्मि उर्फ पिंकी के पुत्र अरनव देव ने अपने नाना को मुखाग्नि दी। पूर्व प्रमुख संग्राम सिंह वर्मा के छोटे भाई सुरेंद्र सिंह वर्मा सहित परिवार के अन्य लोग भी मौजूद रहे।
हरख ब्लॉक के जर्मापुर गांव में सड़क किनारे ही उनके पूर्वजों का पुराना मंदिर बना है। इसी मंदिर के बगल में अंतिम संस्कार किया गया है। यहां सुबह 9:00 बजे से लेकर दोपहर 1:00 बजे तक जाम की स्थिति बनी रही। इससे बड़े भारी वाहनों को हरख से जैदपुर की डायवर्जन करना पड़ा।
अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए खाद एवं रसद मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, सपा के राष्ट्रीय सचिव पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप, पूर्व मंत्री राकेश वर्मा, पूर्व सांसद डॉ पी एल पुनिया, एमएलसी राजेश यादव, विधायक धर्मराज यादव, विधायक दिनेश रावत, एससी एसटी आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, पूर्व विधायक रामगोपाल रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, एमएलसी व भाजपा जिला प्रभारी अवनीश सिंह पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष राम सिंह वर्मा भुल्लन, अवधेश श्रीवास्तव, अरविंद मौर्या, पूर्व सांसद उपेंद्र सिंह रावत, डॉ विवेक वर्मा समेत हजारों लोग पहुंचे।
राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने संग्राम सिंह वर्मा को दलगत राजनीति से ऊपर का सामाजिक सेवक एवं नेता बताया। सपा के राष्ट्रीय सचिव पूर्व मंत्री अरविंद कुमार गोप ने भी उनको श्रद्धांजलि दी। कहा कि संग्राम सिंह वर्मा जैसे नेता के निधन से समाजवादी पार्टी को क्षति हुई है।